मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने वृद्ध आश्रम का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0
10

 

हाथरस में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्ध आश्रम का मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित आगरा रोड स्थित नगला भुस के वृद्ध आश्रम में मुख्य विकास अधिकारी पीएम दीक्षित ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आश्रम प्रबंधन ने बताया कि वर्तमान में आश्रम में कुल 71 वृद्धजन निवास कर रहे हैं, जिनमें 39 पुरुष और 32 महिलाएं शामिल हैं।अधिकारियों ने बताया कि आश्रम में रहने वाली एक महिला, जो पीलिया से पीड़ित थीं, उन्हें उनके परिजन 7 जून को अपने साथ घर ले गए थे, जहां 12 जून को उनकी मृत्यु हो गई। मुख्य विकास अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए अन्य वृद्धजनों के स्वास्थ्य और देखभाल की व्यवस्था का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं। उन्होंने नाश्ते और भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने वृद्धजनों को हल्का और सुपाच्य भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि दानदाताओं द्वारा भोजन उपलब्ध कराए जाने की स्थिति में उसका पूरा विवरण अभिलेखों में दर्ज किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

आश्रम में प्रतिदिन लगभग 13 लीटर दूध की व्यवस्था किए जाने की जानकारी पर मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण दूध की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय समूहों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी ने आश्रम परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और वृद्धजनों के समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

“वृद्ध आश्रम में रहने वाले सभी वृद्धजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। भोजन, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। नियमित निरीक्षण और निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here