हाथरस के सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। आरिफपुर गांव के निकट दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आरिफपुर निवासी 25 वर्षीय जय सिंह पुत्र प्रेमपाल सोमवार को अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से काम पर जा रहे थे। तभी गांव आरिफपुर के निकट सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंद्राराऊ पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद जय सिंह को मृत घोषित कर दिया,
जबकि दूसरे घायल का उपचार किया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।









