हाथरस।यूपी के हाथरस में सोमवार को संविदा ग्राम रोजगार सेवकों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा, ज्ञापन में रोजगार सेवकों को नियमित कर राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, मानव संसाधन नीति लागू करने, मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने तथा 12 से 14 माह से लंबित मानदेय का भुगतान कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम रोजगार सेवक वर्ष 2006 से मनरेगा योजना के तहत कार्यरत हैं, लेकिन आज भी संविदा व्यवस्था में काम कर रहे हैं। साथ ही आकस्मिक एवं चिकित्सा अवकाश, स्थानांतरण नीति, मृतक आश्रितों को नौकरी और नई योजनाओं में प्रभावी भूमिका तय करने जैसी मांगें भी उठाई गई हैं।
रोजगार सेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो 1 जुलाई 2026 को लखनऊ में विधानसभा घेराव किया जाएगा तथा प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा।









