हाथरस में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। यह योग सप्ताह 15 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को बेहतर मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” रखी गई है।
योग सप्ताह का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को नियमित योग करने का संदेश दिया।
योग प्रशिक्षक सुमित और संदीप ने उपस्थित लोगों को योग, आसन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम का संचालन जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने किया, जबकि व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह और डॉ. रुपेश कुमार ने संभाली।
स्टेडियम परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य प्रतिभागियों सहित लगभग ढाई सौ लोगों ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास किया और योग को दैनिक जीवन में अपनाने की शपथ ली।
जिले में योग सप्ताह के उद्घाटन कार्यक्रम जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम हाथरस के अलावा नगर पालिका पार्क हाथरस, केएल जैन इंटर कॉलेज सासनी, नगर पालिका पार्क सिकंद्राराऊ और खंड विकास परिसर सादाबाद में भी आयोजित किए गए।









