हाथरस। महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य मंगलवार 16 जून को हाथरस दौरे पर रहेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह पूर्वाह्न 11 बजे हतीसा स्थित अटल कन्वेंशन सेंटर का भूमिपूजन करेंगी। 
इसके बाद प्रभारी मंत्री कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। इसके बाद वह करीब एक बजे केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष” कार्यक्रम के तहत एलईडी वैन एवं मेडिकल मोबाइल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी करेंगी।
प्रभारी मंत्री कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगी तथा प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगी। इसके बाद अपराह्न 3:30 बजे “स्मार्ट रेवेन्यू रिजोल्यूशन फॉर गवर्नेंस (श्री जी)” रजिस्टर का विमोचन करेंगी।
इसके बाद शाम करीब 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगी, जिसमें वह जनपद में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगी।









