हाथरस कोतवाली सदर क्षेत्र के सीयल खेड़ा मोहल्ले में निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय दूसरी मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सीयल खेड़ा मोहल्ले में अशोक टॉकीज के पास एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। गुरुवार सुबह निर्माण कार्य के दौरान दूसरी मंजिल पर काम कर रहा मजदूर अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों और स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जगदीश पुत्र सोनपाल निवासी छोटा अय्यापुर, थाना कोतवाली सदर, हाथरस के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। जगदीश मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।









