हाथरस जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों की सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला सूचना विभाग, हाथरस द्वारा आयोजित की गई।
प्रदर्शनी का शुभारंभ 16 जून 2026 को माननीय प्रभारी मंत्री जी द्वारा जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इसके बाद 17 एवं 18 जून को भी आमजन के अवलोकन हेतु प्रदर्शनी जारी रही।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा विकास कार्यों को आकर्षक चित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इसमें युवा, महिला एवं गरीब कल्याण, उत्तर प्रदेश की वृहद इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं, आध्यात्मिक एवं पर्यटन विकास, आंतरिक सुरक्षा के सुदृढ़ मॉडल तथा विकसित उत्तर प्रदेश-2047 जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से दर्शाया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले नागरिकों ने प्रदर्शनी का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल, किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तिकरण एवं युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, आधुनिक हवाई अड्डों, औद्योगिक गलियारों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास तथा निवेश एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में हुए कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी के प्रति आमजन में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर इस आयोजन की यादों को संजोया।
इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रचार साहित्य, जिनमें “विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष” नामक पुस्तक/फोल्डर तथा “फर्क साफ है” पुस्तिका शामिल हैं, का भी वितरण किया गया।
यह प्रदर्शनी नागरिकों को सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराने तथा विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुई।









