हाथरस के सादाबाद-जलेसर मार्ग पर बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में गौड़ मैरिज होम के पास रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार रसीदपुर निवासी मनवीर सिंह (40) ट्रैक्टर-ट्रॉली में गिट्टी भरकर सादाबाद की ओर जा रहे थे, जबकि नगला कली निवासी प्रवीण कुमार कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पलट गया और चालक मनवीर सिंह उसके नीचे दब गए। वहीं कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और सीएचसी सादाबाद पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। आगरा में उपचार के दौरान ट्रैक्टर चालक मनवीर सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारण कुछ समय तक सादाबाद-जलेसर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु कराया गया।









