हाथरस।पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित पुलिस कार्यालय से 05 नई पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 01 दोपहिया तथा 04 चारपहिया वाहन शामिल हैं।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी योगेन्द्र कृष्ण नारायण, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आमजन को 24 घंटे त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्यरत है। नागरिक किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर डायल कर अथवा “112 इंडिया” मोबाइल ऐप के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
नए पीआरवी वाहनों का आवंटन थाना हाथरस गेट, सिकंद्राराऊ, सादाबाद, सहपऊ तथा कोतवाली नगर को किया गया है। ये वाहन अत्याधुनिक जीपीएस, वायरलेस सेट, हाई इंटेंसिटी लाइट्स, सायरन सिस्टम एवं अन्य आधुनिक पुलिसिंग उपकरणों से सुसज्जित हैं।
इन वाहनों की तैनाती से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी, घटनास्थल पर पहुंचने का समय कम होगा तथा अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी।









