हाथरस जिले के थाना कोतवाली हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के नगला भूरा गांव में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मकान के अंदर 25 वर्षीय विवाहिता और 26 वर्षीय युवक के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं सूचना पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय प्रियंका और 26 वर्षीय प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले विवाहिता की गला दबाकर हत्या की और इसके बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
इस दोहरी मौत की घटना से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









