NEET (UG)-2026 री-एग्जाम को लेकर डीएम अतुल वत्स सख्त,परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के दिए निर्देश

0
10

 

हाथरस।राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित री-एग्जामिनेशन NEET (UG)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच, परीक्षा सामग्री की गोपनीयता तथा शासन एवं एनटीए के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित गतिविधि पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, फ्रिस्किंग, पहचान सत्यापन और सुरक्षा मानकों का सख्ती से अनुपालन कराया जाए। साथ ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा पीने के पानी की व्यवस्था परीक्षा कक्ष में ही सुनिश्चित की जाए।

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने बताया कि NEET (UG)-2026 की परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को जनपद के चार केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शाम 6:15 बजे तक चलेगी। जिले के चार केंद्रों पर कुल 1188 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी केंद्रों पर 8 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 4 सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। बैठक में उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला विद्यालय निरीक्षक, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here