हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव जोगिया में कूलर में करंट उतर आने से एक 5 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गांव जोगिया निवासी पंकज का 5 वर्षीय पुत्र सार्थिक घर में लगे कूलर के पास खेल रहा था। इसी दौरान कूलर में करंट उतर आने से वह उसकी चपेट में आ गया। घटना का पता चलते ही परिजनों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर बच्चे को कूलर से अलग किया और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
बताया गया है कि सार्थिक अपने माता-पिता के साथ अपनी ननिहाल जोगिया में रहता था और परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।









