लखनऊ अग्निकांड के बाद हाथरस में एक्शन, डीएम औऱ एसपी ने कोचिंग सेंटरों व लाइब्रेरियों का किया निरीक्षण,दिए कड़े निर्देश

0
30

 

हाथरस में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सार्वजनिक सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए शहर के विभिन्न पुस्तकालयों और कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई लाइब्रेरी बेसमेंट में संचालित पाई गईं, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं। आइए देखते हैं पूरी रिपोर्ट।

जनपद हाथरस में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने विभिन्न पुस्तकालयों और कोचिंग सेंटरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान प्रोग्रेस पॉइंट लाइब्रेरी, भारद्वाज लाइब्रेरी और प्रेमहरि लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण में पाया गया कि सभी लाइब्रेरी बेसमेंट में संचालित हो रही थीं। जिलाधिकारी ने संचालकों से भवन के स्वीकृत नक्शे, फायर सेफ्टी एनओसी तथा विद्युत सुरक्षा संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासनादेश के अनुसार बेसमेंट में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित लाइब्रेरी संचालकों को तत्काल प्रभाव से संस्थान बंद करने और छात्र-छात्राओं की जमा फीस वापस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन मानचित्र में बेसमेंट का उपयोग सामान्यतः पार्किंग, स्टोर या शौचालय जैसी सुविधाओं के लिए स्वीकृत होता है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी बेसमेंट में निर्धारित उपयोग के अतिरिक्त कोई गतिविधि संचालित होती पाई गई या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिला तो संबंधित संचालकों के खिलाफ अग्नि सुरक्षा एवं भवन उपविधियों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन संस्थानों को पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं और जिन्होंने निर्धारित समय सीमा में कमियों को दूर नहीं किया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी संस्थानों को अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, पार्किंग और अन्य सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई को छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here