हाथरस।उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लागू की जा रही ‘फ्रंट ऑफिस’ प्रणाली के विरोध में आज मंगलवार को तहसील सदर परिसर में अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडरों एवं टाइपिस्टों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नई व्यवस्था को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यह निर्णय उनके रोजगार और आजीविका पर सीधा और गंभीर प्रभाव डालने वाला है।
धरने पर बैठे अधिवक्ताओं व कर्मचारियों का कहना था कि फ्रंट ऑफिस प्रणाली लागू होने से वर्षों से इस क्षेत्र में कार्यरत हजारों लोगों के सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने सरकार के इस फैसले को तानाशाहीपूर्ण करार देते हुए चेतावनी दी कि जब तक यह व्यवस्था वापस नहीं ली जाती, तब तक उनका आंदोलन और हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के चलते रजिस्ट्री कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप रहा, जिससे आम नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
धरना-प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रामनारायण काके ने अपनी टीम के साथ समर्थन दिया। उन्होंने रेवेन्यू बार एसोसिएशन सदर हाथरस के अध्यक्ष सचिन समिति को ज्ञापन सौंपते हुए अधिवक्ताओं के साथ मिलकर सरकार से पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग की।










