हाथरस। पिछड़ा वर्ग के लोगों को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से समय पर आवेदन कर इनका लाभ उठाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना, युवाओं के लिए निःशुल्क ओ-लेवल एवं ट्रिपल सी (CCC) कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना तथा गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह हेतु शादी अनुदान योजना संचालित की जा रही है।
छात्रवृत्ति से मिल रहा शिक्षा को बढ़ावा
स्मृति गौतम ने बताया कि पिछड़ा वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए कक्षा 9 से लेकर उच्च शिक्षा तक छात्रवृत्ति की व्यवस्था है। इस योजना का लाभ उन विद्यार्थियों को मिलता है जिनके परिवार की वार्षिक आय दो लाख रुपये तक है। छात्र अपने शिक्षण संस्थान के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करते हैं और सत्यापन के बाद छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जनपद में लगभग 20 हजार ओबीसी छात्र-छात्राएं इस योजना से लाभान्वित हुए थे।
युवाओं को मिल रहा निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण
रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को ध्यान में रखते हुए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को निःशुल्क ओ-लेवल और ट्रिपल सी (CCC) कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। यह प्रशिक्षण चयनित संस्थानों के माध्यम से कराया जाता है तथा प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद नाइलिट (NIELIT) द्वारा परीक्षा आयोजित कर प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है। यह प्रमाण पत्र विभिन्न सरकारी नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं में उपयोगी साबित होता है।
बेटी की शादी पर मिलती है 20 हजार रुपये की सहायता
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग के लिए शादी अनुदान योजना संचालित है। इसके तहत एक लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को बेटी की शादी पर 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के लिए आधार कार्ड और विवाह कार्ड आवश्यक हैं। पात्र लाभार्थी विवाह की तिथि से 90 दिन पहले अथवा शादी के 90 दिन बाद तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
समय रहते करें आवेदन
स्मृति गौतम ने कहा कि शादी अनुदान सहित अन्य योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है। उन्होंने पात्र छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं परिवारों से समय रहते आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार की इन योजनाओं का लाभ उठाकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के अवसरों को मजबूत बनाया जा सकता है।










