अज्ञात वाहन की टक्कर से पीआरडी जवान गंभीर घायल,अस्पताल में भर्ती

0
12

 

हाथरस।कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गोहाना चौकी पुल पर मंगलवार को एक अज्ञात वाहन ने पीआरडी जवान की मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मोपेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, नगला सिंह निवासी रमेश चंद पुत्र भूरू सिंह पीआरडी में जवान के पद पर तैनात हैं। रमेश चंद अपनी ड्यूटी के लिए मोपेड पर सवार होकर सासनी आ रहे थे। जैसे ही वे गोहाना चौकी पुल के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जवान सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल जवान को निजी वाहन से तुरंत सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां मौजूद डॉ. शुभम ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल, हाथरस के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पाकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here