हाथरस। राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद हाथरस जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देशन में बुधवार को एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह ने फायर विभाग और पुलिस टीम के साथ शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान फायर विभाग के सीओ आर.के. बाजपेयी एवं एसआई दीपक कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनता रेस्टोरेंट और कोमल कॉम्प्लेक्स पहुंचकर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों से फायर सेफ्टी उपकरणों, अग्निशमन यंत्रों और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा अग्निशमन उपकरणों की समय-समय पर जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त पानी की उपलब्धता और सुरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील रखने पर भी जोर दिया गया।
एसडीएम सदर ने कोमल कॉम्प्लेक्स में बेसमेंट में संचालित हो रही दुकानों और अव्यवस्थित विद्युत वायरिंग पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कॉम्प्लेक्स स्वामी को निर्देशित किया कि अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज दो दिन के भीतर प्रस्तुत करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। निरीक्षण के दौरान कई अन्य दुकानों की भी जांच की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।










