हाथरस।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस के सीलबंद दरवाजों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष खोला गया तथा वहां सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों का अवलोकन कराया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की। उन्होंने बताया कि वेयरहाउस में भंडारित सभी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा उनकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे पर्याप्त सुरक्षाबल तैनात रहता है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण पूर्ण होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भ्रमण पंजिका पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान भाजपा के प्रशासनिक कार्य प्रमुख सुनील वर्मा एडवोकेट, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, कांग्रेस के जिला महासचिव श्रीकृष्ण एडवोकेट, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष रहमत अली, अपना दल के जिला उपाध्यक्ष रवि सारस्वत, सीपीआईएम के जिला सचिव श्याम सिंह, बीएसपी जिलाध्यक्ष राजकपूर सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट लवगीत कौर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जैपाल सिंह एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह नियमित त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।










