हाथरस:1 जुलाई 2026 से मनरेगा योजना नए स्वरूप में “जी राम जी योजना” के नाम से संचालित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी संबंध में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने विकास भवन स्थित सभागार में विकास खंडों के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों (एपीओ) और तकनीकी सहायकों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम दो विकास कार्य लगातार संचालित होने चाहिए। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु और वृक्षारोपण अभियान को देखते हुए सभी ग्राम पंचायतों में लक्ष्य के अनुसार समय से आईडी जारी कराने के निर्देश दिए गए, ताकि पौधारोपण कार्य निर्धारित समय पर पूरा कराया जा सके।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले की केवल 64 ग्राम पंचायतों में ही विकास कार्य संचालित हो रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में पंचायतों में अब तक कोई कार्य शुरू नहीं हुआ है। इस लापरवाही पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में स्पष्ट कहा गया कि जिन ग्राम पंचायतों में अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, आईडी जारी नहीं हुई है अथवा संबंधित कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरती गई है, वहां के तकनीकी सहायकों के 1 अप्रैल से 24 अप्रैल तक के वेतन एवं मानदेय में कटौती की जाएगी। इसके लिए परियोजना निदेशक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों में तेजी लाते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।










