हाथरस।हाथरस जनपद में जल संरक्षण और भूजल स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायतराज विभाग ने ‘मेरा तालाब, मेरी जिम्मेदारी’ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत जिले के तालाबों की सफाई, जीर्णोद्धार एवं सुदृढ़ीकरण कर उन्हें पुनर्जीवित किया जाएगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी राकेश बाबू ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के लगभग 100 तालाबों के कायाकल्प का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रथम चरण में जिले के सातों विकास खंडों से एक-एक तालाब का चयन किया गया है, जहां सुधार कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
इसके अलावा सलेमपुर और बिसावर के तालाबों पर भी तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि तालाबों के पुनर्जीवन से उनकी जलधारण क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे भूजल स्तर सुधारने में मदद मिलेगी। साथ ही जल की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए बीओडी (बायोलॉजिकल ऑक्सीजन डिमांड) और सीओडी (केमिकल ऑक्सीजन डिमांड) स्तर को भी सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायतों, पंचायत अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विभाग ने आम नागरिकों से भी तालाबों की साफ-सफाई और संरक्षण में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है, ताकि जल संरक्षण की यह मुहिम जनआंदोलन का रूप ले सके।










