सिकंदराराऊ साइबर टीम द्वारा दिव्यांग,UPI के माध्यम से धोखाधड़ी करके डलवाये 11000 रुपये कराए वापस, पैसे वापस पाकर व्यक्ति ने पुलिस का किया धन्यवाद

0
20

 

हाथरस पुलिस की साइबर टीम ने एक दिव्यांग व्यक्ति को साइबर ठगी के मामले में बड़ी राहत दिलाते हुए उसके पूरे 11 हजार रुपये वापस करा दिए हैं। मामला थाना सिकंद्राराऊ क्षेत्र का है, जहां एलमपुर निवासी पप्पू पुत्र नत्थू सिंह ने साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने खुद को ब्लॉक का सचिव बताकर फोन किया और शौचालय व आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया। बातों में फंसाकर आरोपी ने यूपीआई के माध्यम से उसके खाते से 11 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।

शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी सिकंद्राराऊ के नेतृत्व में थाना सिकंद्राराऊ की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई की। तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के बाद पीड़ित की पूरी 11 हजार रुपये की धनराशि वापस करा दी गई। रुपये वापस मिलने पर दिव्यांग पीड़ित ने थाना पहुंचकर हाथरस पुलिस का आभार व्यक्त किया और टीम की सराहना की।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या व्यक्ति के बहकावे में न आएं। अपना बैंक खाता नंबर, एटीएम पिन, ओटीपी, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। यदि आपके साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here