बारात में नाचने के दौरान बारातियों और गांव के लोगों में हुई मारपीट,पुलिस जांच में जुटी

0
25

 

हाथरस के हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव कानऊ में एक शादी समारोह उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब बारात चढ़ने के दौरान नाच-गाने को लेकर बारातियों और गांव के लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिससे शादी की खुशियां अफरा-तफरी में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव रामनगर से बारात गांव कानऊ आई थी। बारात चढ़ने के दौरान नाच-गाने के समय किसी बात को लेकर गांव के कुछ लोगों और बारातियों में विवाद हो गया। आरोप है कि वधू पक्ष के लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन कुछ शरारती तत्वों ने बारात और घरात दोनों पक्षों के लोगों के साथ जमकर मारपीट कर दी। इस घटना में अखिलेश, मनजीत और नितिन निवासी रामनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया गया।

मारपीट के बाद रात करीब दो बजे बड़ी संख्या में बाराती और घराती हसायन कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के चलते शादी की रस्में करीब चार घंटे तक बाधित रहीं। बाद में बाराती अपने गांव लौट गए और सुबह करीब चार बजे लड़का पक्ष के कुछ लोग दोबारा गांव कानऊ पहुंचे, जहां विवाह की शेष रस्में पूरी कराई गईं। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here