हाथरस में कर्ज के दबाव से परेशान एक व्यापारी द्वारा आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना सामने आई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के सर्कुलर रोड स्थित पीली कोठी के पास रहने वाले व्यापारी अशोक कुमार गुप्ता का शव उनके घर के दरवाजे पर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों का आरोप है कि अशोक कुमार गुप्ता पर काफी कर्ज था और कर्ज न चुका पाने के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे। उनका कहना है कि कर्ज देने वाले लोग लगातार रुपये वापस मांग रहे थे, जिससे वह बेहद परेशान रहने लगे थे।
सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच में जुटी हुई है।










