हाथरस के हसायन थाना क्षेत्र के गांव बस्तोई में शराब के ठेके को लेकर उस समय हंगामा मच गया, जब सैकड़ों महिलाओं ने ठेके पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि गांव के पास शराब का ठेका होने से युवा और अन्य ग्रामीण नशे की गिरफ्त में आते जा रहे हैं। उनका कहना है कि ठेका हटवाने की मांग को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
महिलाओं के अनुसार इसी नाराजगी के चलते वे बड़ी संख्या में ठेके पर पहुंचीं और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहीं, दूसरी ओर ठेकेदार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ठेकेदार का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं ने उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट की और कैश के साथ शराब की पेटियां भी ले गईं। ठेकेदार ने लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया है।
घटना की सूचना मिलते ही हसायन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे वास्तविक तथ्य क्या हैं।
फिलहाल बस्तोई गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।










