हाथरस। थाना सादाबाद क्षेत्र के गांव नगला सरूपा में 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 28 वर्षीय रेखा पत्नी नीरज निवासी नगला सरूपा के रूप में हुई है। बताया गया है कि रेखा का विवाह 24 फरवरी 2016 को हुआ था। उसका मायका मथुरा जनपद के थाना राया क्षेत्र स्थित गांव नगला रतनदास में है। रेखा अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि रेखा की हत्या करने के बाद उसके शव को फंदे पर लटका दिया गया और उन्हें सूचना दी गई कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। 
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन में जुटी हुई है।










