31 अक्टूबर तक तैयार होगी इंट्रीग्रेटेड जिला जेल,नोडल अधिकारी ने निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

0
15

 

हाथरस।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले की लंबित निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी हाथरस पीएन दीक्षित ने बतौर नोडल अधिकारी गुरुवार को हाथरस के इगलास रोड पर बन रही निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड जिला जेल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी पीएन दीक्षित ने बताया कि पिछले वर्ष दिसंबर में किए गए निरीक्षण की तुलना में कार्य की प्रगति अपेक्षा से कम है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए लगभग 700 श्रमिकों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में केवल 300 श्रमिक ही कार्यरत हैं। श्रमिकों की कमी के कारण परियोजना की गति प्रभावित हुई है।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना को 30 जून तक पूरा किया जाना था, लेकिन अब इसकी नई समय-सीमा 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि तय समय पर परियोजना पूरी हो सके।

निरीक्षण के दौरान पुरुष एवं महिला बैरक, टाइप-2 और टाइप-3 आवास, इनर सर्किल, प्रशासनिक भवन, डिप्टी जेलर, जेलर और सुपरिटेंडेंट के आवास एवं कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया।

नोडल अधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को संतोषजनक बताया, लेकिन गति में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह इंटीग्रेटेड जिला जेल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। इसमें मुलाकातियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, जेल परिसर में ही कोर्ट रूम, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा तथा अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।

इन सुविधाओं के माध्यम से बंदियों की पेशी और अन्य न्यायिक प्रक्रियाएं अधिक सुरक्षित एवं सुगम होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here