हाथरस।नगर पालिका परिषद हाथरस द्वारा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत गुरुवार को मुरसान गेट स्थित वसुंधरा एंक्लेव कॉलोनी में बने कैंप कार्यालय पर सभासदों का अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना तथा नगर क्षेत्र में प्रभावी नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने आउटसोर्सिंग पर तैनात सुपरवाइजरों को कीटनाशक दवा के छिड़काव एवं एंटी लार्वा गतिविधियों के लिए मशीनों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित विभिन्न संचारी रोगों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए समय रहते रोकथाम के उपाय करना आवश्यक है।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, एंटी लार्वा अभियान तथा जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से साफ-सफाई बनाए रखने और संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आउटसोर्सिंग सुपरवाइजर एवं पालिका कर्मी उपस्थित रहे।










