हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव कचौरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब चौकी के सामने स्थित एक बर्तन की दुकान में एक नहीं बल्कि दो कोबरा सांप निकल आए। सांपों को देखकर दुकान पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे सुभाष नाम के एक व्यक्ति ने दोनों कोबरा सांपों को पकड़ लिया। आरोप है कि उसने सांपों के दांत तोड़ दिए और उन्हें अपने घर ले गया। अब इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद वन्यजीव संरक्षण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव कचौरा की है। जानकारी के अनुसार चौकी के सामने स्थित एक बर्तन की दुकान में अचानक दो कोबरा सांप निकल आए। दुकान में सांप दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित तरीके से सांपों को हटाने की कोशिश की।
इसी दौरान सुभाष नाम का एक व्यक्ति वहां पहुंचा और उसने दोनों कोबरा सांपों को पकड़ लिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सुभाष ने सांपों के दांत तोड़ दिए और दोनों को अपने घर ले गया।

दुकान स्वामी का कहना है कि कोबरा अत्यंत विषैला सांप होता है और यदि वह किसी व्यक्ति को काट ले तो उसकी जान तक जा सकती है। मामले की शिकायत पुलिस और वन विभाग से की गई है तथा सुभाष के घर से दोनों कोबरा सांपों का रेस्क्यू कराए जाने की मांग की गई है।
उधर, सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर सुभाष को कोबरा सांप के दांत तोड़ते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अब सभी की नजर पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।










