हाथरस। शुक्रवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश अग्रवाल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने टीबी अस्पताल का भी दौरा किया और वहां इमरजेंसी वार्ड को स्थानांतरित करने की संभावनाओं का आकलन किया। इसके अलावा उन्होंने महिला जिला अस्पताल स्थित एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि वर्तमान इमरजेंसी भवन में मरीजों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त क्षमता नहीं है। इसी को देखते हुए इमरजेंसी को टीबी अस्पताल की भूतल स्थित बिल्डिंग में स्थानांतरित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इमरजेंसी को नई बिल्डिंग में शिफ्ट किया जाएगा, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह, अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार, सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश, दिनेश मोहन सक्सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










