हाथरस में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी यूपी-टीईटी 2026 के दूसरे दिन भी परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सरस्वती इंटर कॉलेज और डीआरबी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, अभ्यर्थियों के प्रवेश और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने स्क्रीनिंग टीम को निर्देश दिए कि प्रत्येक अभ्यर्थी की जांच पूरी सतर्कता और गुणवत्ता के साथ की जाए तथा परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति और बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए ताकि परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो और परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो।
वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










