हाथरस।आउटसोर्सिंग पर रोडवेज वर्कशॉप में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को हड़ताल कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के धरने के चलते वर्कशॉप का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा और खराब पड़ी बसों की मरम्मत का कार्य भी नहीं हो सका।
बताया जाता है कि आगरा रोड स्थित रोडवेज वर्कशॉप में आउटसोर्सिंग पर तैनात कर्मचारियों ने पिछले तीन माह से वेतन न मिलने के विरोध में धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से वर्कशॉप का कार्य पूरी तरह ठप हो गया और नियमित मरम्मत कार्य प्रभावित रहा।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवार के भरण-पोषण में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन और हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान कर्मचारियों ने वर्कशॉप के मुख्य गेट पर खड़े होकर प्रदर्शन किया। मौके पर बड़ी संख्या में आउटसोर्सिंग कर्मचारी मौजूद रहे।










