हाथरस में कैलाश ढाबा फायरिंग कांड के एक और इनामी आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश शानू को जवाबी फायरिंग के दौरान दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हाथरस के थाना हाथरस गेट क्षेत्र में 18 जून को कैलाश ढाबे के सामने हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में गठित एसओजी, सर्विलांस, थाना हाथरस गेट और थाना हाथरस जंक्शन की संयुक्त टीम लगातार दबिश दे रही थी। इस मामले में शामिल छह आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इससे पहले पुलिस एक अन्य इनामी आरोपी मोना ठाकुर को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी शानू अलीगढ़-आगरा हाईवे के रास्ते अपने गांव गंगचौली जा रहा है। सूचना पर दयानतपुर नहर के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में शानू के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक शानू पर मारपीट, एससी-एसटी एक्ट समेत कई संगीन मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कैलाश ढाबा फायरिंग कांड में पुलिस की वैधानिक कार्रवाई जारी है ।










