हाथरस के सिकंदराराऊ से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां जहरीले सांप के काटने से 9 वर्षीय मासूम बालिका की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना शुक्रवार देर रात की है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सिकंदराराऊ नगर के एटा रोड स्थित एक कॉलोनी में 9 वर्षीय सौम्या, पुत्री लाल प्रताप, शुक्रवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी। देर रात करीब 2:30 बजे सौम्या अचानक पैर में तेज जलन होने पर उठकर रोने लगी।
परिजनों ने जब उसका पैर देखा तो बाईं पिंडली पर सांप के काटने के दो निशान दिखाई दिए। कुछ ही देर में उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। बताया जाता है कि उसने बोलना बंद कर दिया और उसकी आंखों की रोशनी भी चली गई।
घबराए परिजन उसे तत्काल अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शोकाकुल माहौल में परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।










