सासनी। क्षेत्र के नगला बत्तीस गांव में मक्का सुखाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पुष्पेंद्र पुत्र हरिओम सड़क किनारे पॉलीथिन बिछाकर मक्का सुखा रहा था। उसी दौरान पप्पू पुत्र भगौरी लाला अपने बेटे अजय के साथ पशुओं को लेकर वहां से गुजर रहे थे।
आरोप है कि पशुओं के गुजरने से मक्का बिखर गई और पॉलीथिन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसी बात को लेकर पुष्पेंद्र और पप्पू पक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया। इस घटना में पुष्पेंद्र, पप्पू और अजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को सासनी कोतवाली ले गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की।
पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सासनी सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।










