हाथरस। थाना सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव टोली के निकट बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित फरार हो गया।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय रोहित पुत्र रामचंद्र निवासी अकराबाद, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रोहित मोची का कार्य करता था। वह अपने फूफा से मिलने एटा जनपद के सिढ़पुरा गया था और देर रात एक अन्य युवक के साथ बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था।
बताया गया है कि रास्ते में रोहित के पेट में दर्द होने लगा, जिस पर वह बाइक से उतरकर सड़क पार कर शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सिकंद्राराऊ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा फरार बस चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।










