हाथरस में सरकारी देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन के साथ मारपीट और पुलिस टीम से दुर्व्यवहार के मामले में हाथरस गेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों, जिनमें 5 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं, को गिरफ्तार किया है।
मामला थाना हाथरस गेट क्षेत्र के ग्राम टुकसान स्थित सरकारी देशी शराब के ठेके का है। 4 जुलाई को ठेके पर पहुंचे आरोपियों ने सेल्समैन और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की, शराब की बोतलों को क्षतिग्रस्त किया और जान से मारने की धमकी देते हुए सड़क जाम कर दी। इसके बाद 5 जुलाई को आरोपियों ने दोबारा ठेके पर पहुंचकर पुलिस टीम के साथ भी गाली-गलौज, पथराव और मारपीट की। दोनों घटनाओं के संबंध में थाना हाथरस गेट में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए नामजद और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में थाना हाथरस गेट पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में योगेश, दीपक, शनी, जानू, कान्ता प्रसाद समेत चार महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।










