सासनी क्षेत्र के गांवों में मंगलवार सुबह विद्युत व्यवस्था चरमरा गई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सासनी के छोटे नया नगला में आज सुबह करीब 7:30 बजे अचानक विद्युत ट्रांसफार्मर में तेज चिंगारी के साथ शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट इतना जोरदार था कि ट्रांसफार्मर की लाइन टूटकर नीचे गिर गई, जिसके परिणामस्वरूप पूरे गांव की बिजली गुल हो गई और ग्रामीण भीषण गर्मी में परेशान रहे।
इसी प्रकार, अकबरपुर गांव में भी विद्युत आपूर्ति बाधित रही। वहां अत्यधिक लोड होने के कारण विद्युत लाइन शॉर्ट हो गई, जिससे क्षेत्र की बत्ती गुल हो गई। दोनों स्थानों पर विद्युत सप्लाई बाधित होने की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग सक्रिय हुआ। मौके पर पहुंचे लाइनमैन खन्ना ठाकुर, रविंद्र और अन्य विद्युत कर्मचारियों की टीम द्वारा युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है।
इस संबंध में जेई ओमपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि लाइन में फॉल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों द्वारा लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से चल रहा है। कार्य पूरा होते ही प्रभावित गांवों में जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दी जाएगी।










