हाथरस।किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
ज्ञापन में किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई, बिजली, फसल सुरक्षा, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) समेत कई अहम मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि किसान और मजदूर वर्ग लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहा है, जिनका जल्द समाधान किया जाना आवश्यक है। संगठन ने मांग की कि गांवों में जहां पानी भरा रहता है वहां सड़क निर्माण कराया जाए तथा चिन्हित जलभराव वाले स्थानों पर पुलिया बनाई जाए। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने और खेतों तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
संगठन ने आवारा पशुओं की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 12 माह संचालित गौशालाओं की व्यवस्था करने तथा गौवंशों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिलाने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में कम से कम एक हजार रुपये की वृद्धि करने की बात कही गई।
ज्ञापन में जीवित किसान सम्मान निधि का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने, आवास विहीन लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराने, गांवों के गलियारों एवं रास्तों से अवैध कब्जे हटवाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर सड़कों का निर्माण कराने की भी मांग की गई।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।










