हाथरस। थाना सादाबाद क्षेत्र के गांव नगला देव में बीती रात घर में सो रहे एक परिवार पर गांव के कुछ नामजद लोगों ने हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी सहित उनकी 10 वर्षीय बेटी घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
घायलों में 40 वर्षीय राजू पुत्र बलबीर, उनकी 35 वर्षीय पत्नी प्रीति व 10 वर्षीय बेटी अनुष्का शामिल हैं। परिजनों का आरोप है कि गांव के नामजद लोग देर रात उनके घर में घुस आए और सोते समय लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मामले की छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की वजह अवैध संबंधों से जुड़ा मामला बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई करेगी।










