लखनऊ स्थित पांच कालिदास मार्ग पर 16 जुलाई 2026 को सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर हाथरस विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान विधायक अंजुला सिंह माहौर ने मुख्यमंत्री से आगामी 17 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले 115वें श्री दाऊजी महाराज लक्खी मेला (राजकीय) के उद्घाटन हेतु हाथरस आने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने जनपद हाथरस में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए एक अतिरिक्त क्षेत्राधिकारी (सीओ) सर्कल बनाए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि जनपद में चार तहसीलें हैं, जबकि वर्तमान में केवल तीन सीओ सर्कल संचालित हैं।
विधायक ने हाथरस मेडिकल कॉलेज का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने, शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए रिंग रोड परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने, ऑडिटोरियम निर्माण, सासनी ब्लॉक में महाविद्यालय की स्थापना, ट्रांसपोर्ट नगर और विकास प्राधिकरण के गठन जैसे महत्वपूर्ण विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रस्तावों और मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा हाथरस विधानसभा क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।










