सिकंदराराऊ में सिद्ध पीठ राजराजेश्वरी बृजेश्वरी पथवारी माता मंदिर की वर्षगांठ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों, हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
नगर के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ राजराजेश्वरी बृजेश्वरी पथवारी माता मंदिर में वर्षगांठ समारोह के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। माता का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया और रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों से आकर्षक फूल बंगला सजाया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया।
मंदिर परिसर माता के जयकारों और भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा।
श्रद्धालुओं ने माता के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
प्रातःकाल रुद्राभिषेक के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। इसके बाद विद्वान आचार्य पंडित सुभाष चंद्र दीक्षित के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया। यज्ञ में मुख्य यजमानों ने लोककल्याण, विश्व शांति और जनकल्याण की कामना करते हुए आहुतियां अर्पित कीं।
यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद माता की महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत कन्या एवं लांगुरा पूजन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। देर रात तक हजारों श्रद्धालुओं ने माता का प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति और सेवादारों ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभालते हुए श्रद्धालुओं की सेवा की।










