हाथरस। थाना हसायन क्षेत्र के गांव बस्तोई में चार माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता अलीगढ़ निवासी कंचीलाल ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था।
शनिवार को मारपीट की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, जहां उनके साथ भी मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के भाई और ड्राइवर के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की। परिजनों का आरोप है कि इसके कुछ ही देर बाद उनकी गर्भवती बेटी की मौत हो गई।
हसायन कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।










