हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव शहजादपुर में बीती देर शाम 60 वर्षीय एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लग गई।
मृतक की पहचान 60 वर्षीय डम्बर सिंह पुत्र एदल सिंह निवासी शहजादपुर के रूप में हुई है। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले तक वह पूरी तरह सामान्य थे और परिवार के लोगों से बातचीत कर रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग निकलने लगे। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया। ओर परिजन बिना पोस्टमार्टम के शव को गांव लेकर चले गए।










