हाथरस के सिकंद्राराऊ में दिनदहाड़े दबंगई का मामला सामने आया है। मटकोटा मोहल्ला स्थित एक मसाला व्यापारी की दुकान पर कुछ बाइक सवार युवकों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। मारपीट और पथराव की यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने हमलावरों पर मारपीट के साथ 56 हजार रुपये छीनकर ले जाने का भी आरोप लगाया है।
मामला सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र के मटकोटा मोहल्ला स्थित गुसाई वाली गली का है। मंगलवार को सनी मसाला केंद्र पर उस समय हड़कंप मच गया, जब चार से पांच बाइक सवार युवक लाठी-डंडों के साथ दुकान पर पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने दुकान संचालक सनी और उसके पिता के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो हमलावरों ने पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले और पथराव से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
दुकान संचालक सनी का आरोप है कि कुछ दिन पहले मोहल्ले के ही एक व्यक्ति से उसकी कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते सूर्यांश ठाकुर नामक युवक अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और घटना को अंजाम दिया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान दुकान में रखे लगभग 56 हजार रुपये भी हमलावर अपने साथ ले गए।
मारपीट और पथराव की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।










