हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देश पर मंगलवार को जिला प्रशासन ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह ने किया। उनके साथ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार, तहसीलदार, नगर पालिका की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।
प्रशासन ने जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से सासनी गेट, मेंडू रोड़ व मधुगढ़ी क्षेत्र में सड़कों व सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों की प्रशासनिक अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्वक जारी रहा। अधिकारियों ने लोगों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी देते हुए सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने की अपील की।










