हाथरस के सिकंद्राराऊ से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। थाना क्षेत्र के मोहल्ला नोखेल पाए वाली गली में करंट की चपेट में आने से दो भैंसों की मौत हो गई। घटना बुधवार की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आमिर नामक व्यक्ति की दो भैंसें रोज की तरह गली से होकर जा रही थीं। इसी दौरान सड़क किनारे लगे एक खंभे में अचानक करंट उतर आया और दोनों भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका की स्ट्रीट लाइट के नंगे तारों की वजह से यह हादसा हुआ। मामले की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जूनियर इंजीनियर पवन कसोधन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नगर पालिका की स्ट्रीट लाइट के दो नंगे तार पोल से टच पाए गए, जिससे खंभे में करंट उतरने की संभावना बनी। उन्होंने कहा कि इसी कारण दोनों भैंसों की मौत हुई हो सकती है।
हालांकि, बाद में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बिजली चालू कर खंभे की जांच की, जिसमें खंभे में करंट नहीं पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, जांच से पहले किसी ने स्ट्रीट लाइट के तारों को हटा दिया था।
फिलहाल, मामले की जांच जारी है और स्थानीय लोग जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित को मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।










