सिकंदराराऊ।उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाने के लिए बुधवार को राजकीय पशु चिकित्सालय, सिकंदराराऊ से विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कैलाश चंद्र लोधी ने अभियान दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डॉ. कैलाश चंद्र लोधी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार अभियान की शुरुआत सिकंदराराऊ की गौशाला से की गई है। यह विशेष टीकाकरण अभियान लगातार कई दिनों तक विभिन्न गांवों में चलाया जाएगा, जिसके तहत पशुओं को निशुल्क खुरपका-मुंहपका रोधी टीके लगाए जाएंगे।
उन्होंने क्षेत्र के सभी पशुपालकों से अपील की कि जब पशुपालन विभाग की टीम उनके गांव पहुंचे तो वे अपने पशुओं का निशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं और विभाग का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के सभी पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखना है, इसलिए कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।










