हाथरस। दिल्ली में चल रहे धरना-प्रदर्शन के मद्देनज़र हाथरस जनपद में भी पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है।
इसी क्रम में सीओ सिटी हिमांशु माथुर के नेतृत्व में तालाब चौराहे पर भारी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया गया। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र लगातार पैदल मार्च और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










