हाथरस में विकास कार्यों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने नगर निकायों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने 15वें वित्त आयोग, अवस्थापना निधि और स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवशेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचना चाहिए।
वर्षा ऋतु को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर निकायों को जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अतिरिक्त पंपसेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही, नालों की नियमित सफाई और जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
डीएम अतुल वत्स ने कहा कि बारिश के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखें, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










