थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मेंडू के मोहल्ला हुण्डावाला निवासी प्रवेश कुमार पुत्र सुल्तान सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में उसके परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक की मौत सुनियोजित साजिश के तहत जहरीला पदार्थ खिलाने से हुई है।
परिजनों ने बताया कि 11 जुलाई को प्रवेश कुमार अपनी बहन के घर अलीगढ़ से मेंडू स्थित अपने घर आया था। रात में वह अपने पुराने मकान पर सोने गया, जिसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल बागला जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतक के पिता सुल्तान सिंह का आरोप है कि अब मोबाइल कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य जानकारियों के आधार पर कुछ लोगों पर बेटे को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का संदेह है। उनका कहना है कि कई दिनों से पुलिस चौकी और थाने के चक्कर लगाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।










